बोकारो। गोमिया प्रखंड अंतर्गत स्वांग के सामुदायिक भवन में बोकारो जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई।
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री स्व. माधव लाल सिंह के भतीजे सूरज लाल सिंह उर्फ बबलू कांग्रेस में शामिल हुए। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों में अपनी आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिला अध्यक्ष जवाहर लाल महथा ने उन्हें माला पहनाकर कांग्रेस परिवार में स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार 'बांटो और राज करो' की नीति के तहत नागरिकों के बीच अविश्वास पैदा कर आपस में लड़ाने का कार्य कर रही है। देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, परंतु सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए विभिन्न मुद्दों में उलझाए हुए है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष जवाहर लाल महथा ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति सभी पदाधिकारियों को अपनी जवाबदेही निभानी होगी। उन्होंने घोषणा की कि एसआईआर (SIR) के मुद्दे को लेकर प्रत्येक प्रखंड एवं मंडल के हर बूथ तक कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का दौरा किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष ने बैठक में उपस्थित होने के लिए विधायक कुमार जयमंगल सिंह, सभी जिला पदाधिकारियों, प्रखंड अध्यक्षों के प्रति आभार प्रकट किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
कार्यक्रम को गोमिया विधानसभा प्रभारी रंजीता करमाली, दिगंबर महतो , सुबोध सिंह पवार, इसरफिल अंसारी, प्रेम रॉय, सनत मिश्रा समेत कई जिला पदाधिकारियों और प्रखंड अध्यक्षों ने संबोधित किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष कौशल किशोर, देवाशीष मंडल, अली अंसारी, निवारण तिवारी, मुस्कर आलम सिद्दीकी, असीम शर्मा, पीयूष पाठक, राजकुमार विद्यार्थी, शैलेंद्र रॉय, सुबोध मिश्रा, सुधीर जायसवाल, अंजनी त्रिपाठी, परवेज आलम, प्रशांत बावरी, नितेश भारद्वाज, उत्तम सिंह, कृष्णा निषाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव राम किशन रविदास ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन गोमिया प्रखंड अध्यक्ष पंकज पांडे द्वारा दिया गया।
