बोकारो। जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र स्थित वासीबेड़ा टोला में शनिवार सुबह महज 50 रुपये के विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने नशीले पदार्थों की खरीद के लिए पैसे न मिलने पर युवक पर रिवॉल्वर से गोली चला दी, जो उसकी गर्दन के पास से निकल गई। इस घटना में युवक की जान बाल-बाल बच गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी कारू महतो नशीला पदार्थ खरीदने के लिए कुलदीप कुमार से 50 रुपये की मांग कर रहा था। जब कुलदीप ने पैसे देने से इंकार कर दिया, तो गुस्से में आकर आरोपी ने उस पर रिवॉल्वर से गोली चला दी। गनीमत यह रही कि गोली कुलदीप की गर्दन को छूते हुए निकल गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के तुरंत बाद घायल सवान को स्थानीय लोगों की मदद से नावाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना प्रभारी अनिल लिंडा पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी कारू महतो का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल, पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।