बोकारो। भगवानचित्रगुप्त का पूजनोत्सव बुधवार को बोकारो स्टील सिटी, चास नगर निगम और बेरमो क्षेत्र में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-1, सेक्टर-3 और सेक्टर-6 सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित पूजनोत्सव में सैकड़ों कायस्थ परिवारों ने पूरे भक्तिभाव से भगवान चित्रगुप्त की आराधना की।
चिराचास में आयोजित चित्रगुप्त पूजा समारोह में उपायुक्त अजय नाथ झा शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित लोगों को चित्रगुप्त पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मनुष्य अपने जन्म, परिवार और जीवन की परिस्थितियों का चुनाव नहीं करता, बल्कि ये सभी उसे ईश्वर से प्राप्त होते हैं। इसलिए जीवन में मिली परिस्थितियों को स्वीकार करते हुए उनमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए।
उपायुक्त ने लोगों से अपने जीवन को सार्थक बनाते हुए कर्तव्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज के लोगों को बोकारो और झारखंड के हित में काम करना चाहिए तथा अपने सकारात्मक योगदान से आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनना चाहिए। यही जीवन की वास्तविक उपलब्धि है।
इस अवसर पर बीएसएल के कार्यकारी निदेशक अनुप कुमार दत्त सेक्टर-3 और सेक्टर-6 स्थित पूजा स्थलों पर भी पहुंचे और भगवान चित्रगुप्त की आराधना की। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज हमेशा से मानव कल्याण और राष्ट्रहित में योगदान देता रहा है। जिस प्रकार भगवान चित्रगुप्त समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं, उसी प्रकार कायस्थ समाज के लोग देश के विभिन्न हिस्सों में अपनी बुद्धि और कलम के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने चित्रगुप्त महापरिवार के सदस्यों को पूजा की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इधर, चित्रगुप्त परिवार सेक्टर-3 एवं सिटी सेंटर समिति की ओर से सरस्वती विद्या मंदिर, सेक्टर-3 में भगवान चित्रगुप्त का पूजनोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समिति के अध्यक्ष भैया प्रीतम ने बताया कि पाप-पुण्य का लेखा-जोखा रखने वाले भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान समाज के लोगों ने सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। साथ ही चित्रगुप्त महापरिवार जनवृत वन (सेक्टर-1) की ओर से एचएससीएल कॉलोनी के जनवृत वन-बी स्थित रंगमंच पूजा परिसर में भगवान चित्रगुप्त का पूजनोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस बार चित्रगुप्त पूजा का आयोजन सेक्टर-4 में भी हुआ।
