​रांची। झारखंड के हजारों पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से बंद पड़े 'मानव संपदा पोर्टल' (एचआरएसएम) को अगले तीन सप्ताह के लिए फिर से खोलने का आदेश जारी कर दिया गया है।

​पोर्टल बंद होने के कारण राज्य के 1300 से अधिक अधिकारियों की प्रोन्नति और एसीआर से जुड़े मामले बाधित हो रहे थे, जो अब सुचारू रूप से आगे बढ़ सकेंगे।

​एचआरएसएम पोर्टल के दोबारा खुलने से राज्य के करीब 1300 अधिकारियों को अपनी अचल संपत्ति का विवरण ऑनलाइन दर्ज करने का एक और मौका मिल गया है। इनमें लगभग 300 कनीय पुलिस पदाधिकारी और करीब 1000 राज्य सेवा के प्रशासनिक पदाधिकारी शामिल हैं।

​उल्लेखनीय है कि फरवरी महीने में पोर्टल बंद हो जाने के कारण कई कर्मी किन्हीं कारणों से अपनी संपत्ति का विवरण नहीं भर पाए थे, जिससे उन्हें पदोन्नति में भारी अड़चनों का सामना करना पड़ रहा था।

​इस पूरे मामले में झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर की भूमिका सबसे अहम रही। वे लगातार इस पोर्टल को खुलवाने के लिए प्रयासरत थे। पोर्टल को पुनः शुरू कराने के लिए उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव को तीन बार आधिकारिक पत्राचार किया था। इस दौरान उन्होंने कार्मिक सचिव के कामकाज और इसमें हुए विलंब पर कड़ी आपत्ति और टिप्पणी भी दर्ज की थी।