गढ़वा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की वीआइपी सुरक्षा में तैनात जवान ओम प्रकाश कुमार का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान निधन हो गया है। उन्होंने 11 नवंबर को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से उनके पैतृक आवास और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार ओम प्रकाश कुमार छह नवंबर को छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। नौ नवंबर को वह किसी कार्य से मोटरसाइकिल द्वारा भवनाथपुर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान, भवनाथपुर पेट्रोल पंप मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद स्थानीय स्तर पर प्रारंभिक उपचार किया गया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया। इसके बाद, बेहतर और उच्चस्तरीय इलाज के लिए उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया, जहां 11 नवंबर को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

ओम प्रकाश कुमार वर्ष 2014 बैच के जवान थे और वर्तमान में उनकी तैनाती दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की वीआइपी सुरक्षा टीम में थी। वह गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भवनाथपुर टाउन निवासी विश्वनाथ प्रसाद के पुत्र थे।