बोकारो। कोयलांचल और संथाल परगना के यात्रियों व श्रद्धालुओं के लिए सुगम रेल संपर्क सुनिश्चित करने के उद्देश्य से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने भारत सरकार के रेल मंत्री से महत्वपूर्ण मांग की है। उन्होंने जनहित में टाटानगर से बोकारो रेलवे स्टेशन होते हुए लालपनिया तक नई मेमू ट्रेन का नियमित परिचालन शुरू करने और इस रेलखंड पर प्रतिदिन कम से कम दो फेरा लगाने का आग्रह किया है।

मंटू यादव ने कहा कि टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, बोकारो और लालपनिया क्षेत्र के बीच प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग यात्रा करते हैं। वर्तमान में सीधी और नियमित मेमू ट्रेन सेवा के अभाव में आम यात्रियों, स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, दैनिक मजदूरों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि इस मार्ग पर प्रतिदिन दो फेरा नियमित मेमू ट्रेन का परिचालन शुरू होता है, तो न केवल आम जनता का सफर आसान और किफायती होगा, बल्कि इस पूरे औद्योगिक और ग्रामीण क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

मंटू यादव ने इस रेल सेवा को धार्मिक पर्यटन के दृष्टिकोण से भी बेहद अहम बताया है और कहा कि बोकारो जिले के लालपनिया स्थित ऐतिहासिक व धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र 'लुगुबुरु घंटाबाड़ी धोरोमगढ़' में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए झारखंड सहित देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। संथाल समाज की सर्वोच्च आस्था के इस केंद्र तक सीधा और सुगम रेल संपर्क उपलब्ध कराना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बेहतर रेल सुविधा मिलने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

नियमित मेमू ट्रेन के अलावा झामुमो महानगर अध्यक्ष ने कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले वार्षिक लुगुबुरु महोत्सव व राजकीय धार्मिक मेले का भी विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने कहा इस महापर्व में संथाल परगना, कोयलांचल व देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना रहती है। ऐसे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के सुचारु प्रबंधन और उनकी सुरक्षित यात्रा को ध्यान में रखते हुए दुमका-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस के साथ-साथ दुमका से लालपनिया तक विशेष ट्रेन का परिचालन किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

मंटू यादव ने रेल मंत्रालय से आग्रह किया कि क्षेत्र की जनता की व्यावहारिक जरूरतों व जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इन दोनों प्रमुख मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल की जाए और जल्द से जल्द ट्रेनों के परिचालन को स्वीकृति प्रदान की जाए।