जमशेदपुर। विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति की सभापति सह कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव की अध्यक्षता में परिसदन सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आपदा प्रबंधन, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पथ निर्माण, राजस्व, परिवहन, पशुपालन, उद्योग, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

समिति ने आपदा प्रबंधन विभाग को लंबित मुआवजा मामलों का जल्द निष्पादन, कल्याण विभाग को छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया। वन विभाग को व्यापक पौधरोपण तथा शिक्षा विभाग को विद्यालय परिसरों में विद्यार्थियों की सहभागिता से फलदार पौधे लगाने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जीवनरक्षक दवाओं के साथ एंटीवेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं राजस्व, खनन, परिवहन, उत्पाद और वाणिज्यकर विभागों से राजस्व संग्रहण की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने को कहा गया। बैठक में समिति सदस्य सह विधायक रौशन लाल चौधरी और सुरेश बैठा भी मौजूद रहे।