​बोकारो: बोकारो पुलिस की साइबर सेल ने तत्परता दिखाते हुए साइबर अपराध के एक मामले में पीड़ित के 7 लाख रुपये सुरक्षित वापस करा दिए हैं। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से गवांई गई राशि का बड़ा हिस्सा पीड़ित को वापस मिल सका है।

गत 23 जून को गुजरात कॉलोनी, बोकारो निवासी नरेन्द्र कुमार सिन्हा के साथ 7.65 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई थी। अपराधियों ने उनके एचडीएफसी बैंक खाते, एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड और आईसीआईसीआई क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर अनधिकृत रूप से पैसे निकाल लिए थे। पीड़ित ने इस संबंध में बोकारो पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज कराई।

बोकारो पुलिस ने साइबर थाना कांड संख्या 20/26 दर्ज किया। जांच के दौरान पता चला कि साइबर अपराधियों ने इस राशि का उपयोग ऑनलाइन शॉपिंग के लिए किया था। चुकि शॉपिंग पेमेंट गेटवे में पैसे का ट्रांसफर 24 घंटे तक अलर्ट मोड में रहता है, पुलिस ने इस 'अलर्ट विंडो' का तुरंत फायदा उठाया।

​पुलिस ने बिना समय गंवाए संबंधित पेमेंट मर्चेंट्स एवं एजेंसियों—RAZORPAY, CASHFREE, रत्नाकर बैंक (RBL) आदि को तुरंत मेल भेजकर ट्रांजेक्शन होल्ड कराने का निर्देश दिया। पुलिस की इस मुस्तैदी के कारण ट्रांजेक्शन रुक गया और शिकायतकर्ता के 7 लाख रुपये सुरक्षित बच गए, जो उन्हें वापस दिला दिए गए हैं।

अपनी गाढ़ी कमाई के 7 लाख रुपये वापस मिलने पर शिकायतकर्ता नरेन्द्र कुमार सिन्हा ने बोकारो पुलिस से मुलाकात कर अपनी खुशी जाहिर की।