मेदिनीनगर। शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा स्थित झरना टोला में 26 अप्रैल को हुई अज्ञात महिला की निर्मम हत्या के मुख्य आरोपी उपेंद्र कुमार को पुलिस ने सादिक चौक के समीप से गिरफ्तार कर लिया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रयागराज भाग गया था, जिसे पुलिस और तकनीकी शाखा के सहयोग से दबोच लिया गया।
सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी उपेंद्र कुमार (निवासी: बालेखाड़, गढ़वा) की पहचान डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर पीड़िता (जो कि मजदूर थी) से हुई थी। आरोपी उसे झरना टोला स्थित अपने किराए के मकान में ले गया। जब महिला ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया, तो उपेंद्र ने अपनी पत्नी चंदा देवी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम देकर शव झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।
पुलिस ने मामले की सह-आरोपी और उपेंद्र की पत्नी चंदा देवी को 30 अप्रैल को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। एसडीपीओ ने बताया कि उपेंद्र एक आपराधिक छवि का व्यक्ति है और वह एचआईवी पॉजिटिव भी है। उसके खिलाफ गढ़वा और पलामू के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, पोक्सो एक्ट और हत्या जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
