रांची। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), प्रादेशिक कार्यालय, रांची द्वारा रांची क्लब में आयोजित ‘स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026’ के अंतर्गत चल रही तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी के दूसरे दिन केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में लगाई गई विभिन्न सूचना सामग्रियों और चित्रों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा इसकी सराहना की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 'विकसित भारत' के लक्ष्यों को प्राप्त करने में इस प्रकार की चित्र प्रदर्शनियां बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचती है। उन्होंने 'विकसित भारत @2047', 'आत्मनिर्भर भारत' और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को आकर्षक एवं सहज रूप में प्रस्तुत करने के लिए सीबीसी के प्रयासों की भरपूर सराहना की।
प्रदर्शनी के दूसरे दिन विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों की सहभागिता बढ़ाना और उन्हें देश की विकास यात्रा तथा कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना था। प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।
प्रदर्शनी परिसर में लगाई गई बड़ी एलईडी स्क्रीन के जरिए स्कूली बच्चों ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की विकास गाथा को बड़े रोचक ढंग से देखा। दृश्य-श्रव्य (ऑडियो-विजुअल) माध्यम से प्रस्तुत इस जानकारी ने विद्यार्थियों को देश की विकास यात्रा और विभिन्न क्षेत्रों में देश द्वारा हासिल की गई प्रगति से गहराई से परिचित कराया।
केंद्रीय संचार ब्यूरो की इस चित्र प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य नागरिकों और खासकर युवा पीढ़ी के बीच जनकल्याणकारी पहलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। चित्रों, पोस्टरों और डिजिटल माध्यमों के जरिए देश की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को जीवंत रूप दिया गया है, ताकि हर नागरिक खुद को 'विकसित भारत @2047' के राष्ट्रीय लक्ष्य से जोड़ सके।
