गिरिडीह। गिरिडीह में शनिवार देर शाम तक होटल अशोका इंटरनेशनल में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की संगठनात्मक बैठक चली। हालांकि, बैठक में उपचुनाव से जुड़े विषयों या किसी संभावित प्रत्याशी के नाम पर औपचारिक चर्चा नहीं हुई, लेकिन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनाव की तैयारी शुरू करने के स्पष्ट संकेत दिए गए।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और प्रदेश संगठन मंत्री पवन साईं समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने इस बैठक को रूटीन संगठनात्मक प्रक्रिया बताया, लेकिन इसके माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि गिरिडीह में चुनावी तैयारियों की शुरुआत हो चुकी है।

बैठक के बाद पूर्व विधायक अमर बाउरी, गीता कोड़ा और महानगर अध्यक्ष रंजीत राय ने संयुक्त प्रेसवार्ता को संबोधित किया। इस दौरान अमर बाउरी ने कहा कि भाजपा के लिए 'नेशन फर्स्ट' सर्वोपरि है और उसी के आधार पर पार्टी की हर लड़ाई लड़ी जाती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ट्रेजरी के माध्यम से 72 हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ और वित्त मंत्री ने खुद को बचाने के लिए मामला दर्ज कराने का आदेश दिया। श्री बाउरी ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार कांग्रेस के प्रभाव में आकर राज्य को नुकसान पहुंचा रही है। उनके अनुसार, जब भाजपा नेता और विधायक विरोध प्रदर्शन करते हैं या पुतला दहन करते हैं, तो पुलिस के जरिए उन पर कथित तौर पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं। उन्होंने गिरिडीह में बैंक डकैती, सिमडेगा की घटना और निशा भगत मामले का जिक्र करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।

उपचुनाव से जुड़े सवालों पर अमर बाउरी ने कहा कि गिरिडीह में उपचुनाव की स्थिति दुःखद है। उन्होंने कहा कि भाजपा जब भी अपने उम्मीदवार की घोषणा करेगी, उससे पहले यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पार्टी के भीतर किसी तरह का भितरघात न हो। श्री बाउरी के अनुसार आंतरिक मतभेदों को समय रहते सुलझा लिया जाएगा और यह उपचुनाव राज्य की मौजूदा व्यवस्था व अराजकता के खिलाफ लड़ा जाएगा।