रांची। स्वास्थ्य विभाग, झारखंड की ओर से सख्ती दिखाये जाने के बावजूद भी लगातार चौथे दिन झारखंड 108 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल जारी रही। अधिकांश जिलों में एंबुलेंस कर्मियों द्वारा काम ठप किये जाने के कारण रोगियों और उनके करीबियों के लिए विकट स्थिति खड़ी हो गयी है। कई जगहों पर एंबुलेंस चालक वाहन की चाबियां लेकर चले गए हैं। इस पर अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिया है कि जिन चालकों ने एंबुलेंस की चाबियां अपने पास रखी हैं, उनके विरुद्ध सम्मान फाउंडेशन के माध्यम से प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। विभाग ने एंबुलेंस संचालन का जिम्मा संभाल रही एजेंसी सम्मान फाउंडेशन को अपने कर्मियों को हड़ताल से वापस लौटाने और वैकल्पिक व्यवस्था करने को भी कहा था। इधर, झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा है कि आंदोलन करना संघ का उद्देश्य नहीं है। सरकार ने लंबे समय से बकाये वेतन भुगतान और दूसरे बिंदुओं पर पूर्व में जो आश्वासन दिये थे, वह पूरे होने चाहिये। हड़ताली कर्मियों पर एस्मा लगाने या एफआईआर कराने का डर दिखाकर काम पर लौटने की उम्मीद करना बेकार है।