रांची। राजधानी रांची में शनिवार को मौसम के अचानक बिगड़ने और खराब दृश्यता (विजिबिलिटी) के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम की खराबी के चलते रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संचालित होने वाली कुल 19 उड़ानों (फ्लाइट्स) को रद्द कर दिया गया है। जिनमें 13इंडिगो के और छह एयर इंडिया के हैं।एक ओर जहां यात्रियों को मौसम के कारण परेशानी उठानी पड़ी, वहीं दूसरी ओर विमानन कंपनियों के रवैये ने उनकी मुसीबतों को और बढ़ा दिया।

उड़ानें रद्द होने के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों का आक्रोश फूट पड़ा। यात्रियों ने एयरलाइंस कंपनियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें फ्लाइट रद्द होने के संबंध में न तो कोई मैसेज भेजा गया और न ही पहले से किसी तरह की आधिकारिक जानकारी दी गई। अचानक एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें उड़ानें रद्द होने की सूचना मिली, जिससे दूर-दराज से आए यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

यात्रियों ने एयरलाइंस प्रबंधन पर भ्रम की स्थिति पैदा करने का भी आरोप लगाया है। कई यात्रियों का कहना है कि एयरलाइंस कर्मियों द्वारा पहले यह आश्वासन दिया गया कि मौसम साफ होते ही फ्लाइट उड़ान भरेगी और इसी बात पर उन्हें टर्मिनल के अंदर भी ले जाया गया। लेकिन काफी देर तक इंतजार कराने के बाद अचानक फ्लाइट रद्द होने की घोषणा कर दी गई।

अचानक हुई इस घोषणा और वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण एयरपोर्ट परिसर में काफी देर तक गहमागहमी और नाराजगी का माहौल बना रहा। यात्रियों ने मांग की है कि ऐसी परिस्थितियों में विमानन कंपनियों को समय रहते स्पष्ट सूचना देनी चाहिए ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े।