देवघर। एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (एएसआई) के झारखंड राज्य चैप्टर के 25 वें वार्षिक सम्मेलन जेसिकॉन-2026 के दूसरे दिन शनिवार को साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। सुबह में शिवलोक हॉस्पिटल से साइकिल रैली निकाली गई, जो कार्यक्रम स्थल मैहर गार्डेन पहुंची। इसमें 30 से अधिक सर्जनों ने भाग लिया और पैडल चलाओ, सेहत बनाओ के संदेश दिया। रैली के माध्यम से सर्जनों ने लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने को जागरूक किया। सम्मेलन प्रमुख आकर्षण तीन ओरेशन रहे। डॉ. योगेंद्र सिंह ओरेशन में डॉ. मरुथु पांडियन ने सर्जरी में होने वाली गलतियों से सीखने, डॉ. एके श्रीवास्तव ओरेशन में डॉ. प्रताप सिंह के. वरुटे ने गंभीर चोट के बाद होने वाले शॉक के उपचार की नई सोच और डॉ. एके सहाय ओरेशन में डॉ. गड्डी दिवाकर ने सुरक्षित सर्जरी के नए तरीकों पर व्याख्यान दिए। अतिथि व्याख्यानों में डॉ. मधुमिता मुखोपाध्याय ने स्तन की उस सामान्य बीमारी पर बात की, जो कैंसर जैसी दिखती है। डॉ. मधुर उनियाल ने एम्स ऋषिकेश के ट्रॉमा सिस्टम के अनुभव साझा किए, डॉ. शिवाकांत मिश्रा ने सर्जनों में तनाव और थकान से बचाव और डॉ. तमोनस चौधरी ने जटिलताओं से सीखने पर व्याख्यान दिए। दोपहर बाद पित्त नली की पथरी के इलाज के दो तरीकों, एक चरण में लेप्रोस्कोपिक सर्जरी बनाम ईआरसीपी के बाद लेप्रोस्कोपिक सर्जरी पर बहस हुई। झारखंड और अन्य राज्यों से आए वरिष्ठ सर्जनों ने दिन भर के सत्रों में अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए और एंडोस्कोपी की लाइव कार्यशाला भी चलती रही।
पीजी चिकित्सकों के शोध-पत्र, ई-पोस्टर और वीडियो
सम्मेलन के दो अन्य हॉल में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के मेडिकल कॉलेजों से आए पीजी चिकित्सकों ने शोध-पत्र, ई-पोस्टर और सर्जिकल वीडियो प्रस्तुत किए। हर प्रस्तुति का मूल्यांकन वरिष्ठ सर्जनों के निर्णायक मंडल ने तय मानकों पर अंक देकर किया। विजेताओं को रविवार को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं शाम में सम्मेलन का औपचारिक उदघाटन भी हुआ।
कल होंगे ये कार्यक्रम
रविवार सुबह में पीजी क्विज स्कैल्पल एंड बियॉन्ड होगा, जिसमें सात टीमें भाग लेंगी और विजेता टीम एएसआई की राष्ट्रीय पीजी क्विज में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। इसके बाद पुरस्कार वितरण और समापन समारोह होगा।
