गुमला। चैनपुर थाना क्षेत्र के डडगांव मोड़ के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान रायडीह प्रखंड के तुरमुंगा दुमरटोली मझटोली गांव निवासी पुनीत एक्का और विकास एक्का के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पुनीत एक्का, विकास एक्का और कुलदीप टोप्पो डोमिनार बाइक से धान कुटाने के लिए रातू गम्हरिया गए थे। वहां से घर लौटने के क्रम में डडगांव मोड़ के पास सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी आंखों पर पड़ने से बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर जा गिरे।
इस दुर्घटना में पुनीत एक्का और विकास एक्का ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, कुलदीप टोप्पो गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके दाहिने पैर में फ्रैक्चर आया है।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।
