पलामू। केंद्र की पहल के बाद पलामू के मेदिनीनगर स्थित चियांकी एयरपोर्ट के विकास और यहां से नियमित हवाई सेवा शुरू होने की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं। इस क्रम में शनिवार को पलामू सांसद वीडी राम और राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान चियांकी एयरपोर्ट के विकास एवं हवाई सेवा शुरू करने की संभावनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मौके पर सांसद ने बताया कि भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा उड़ान योजना के आगामी चरण में चैलेंज मोड फ्रेमवर्क की व्यवस्था की गई है। इसके तहत भूमि अधिग्रहण एवं हवाई अड्डे के विस्तार पर होने वाला खर्च केंद्र सरकार द्वारा वहन किए जाने का प्रावधान है। इससे इस एयरपोर्ट का विकास अब तेजी से होगा। यहां से नियमित हवाई सेवा शुरू होने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। सांसद ने कहा कि अब राज्य सरकार पलामू की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चियांकी एयरपोर्ट को विकास हेतु नामित कर सकती है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं भूमि संबंधी औपचारिकताओं को पूरा कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव भेजना होगा। वीडी राम ने कहा कि प्रयास यह है कि पलामू को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिले, जिससे क्षेत्र के विकास, व्यापार, पर्यटन एवं आम नागरिकों की आवागमन सुविधा को नई गति मिल सके। मौके पर पलामू के डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, एसपी कपिल चौधरी सहित जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी बी उपस्थित रहे।