बोकारो। शिक्षकों के निरंतर ज्ञान-संवर्द्धन एवं उनके अध्यापन-कौशल में आधुनिक दौर के अनुरूप निखार लाने के प्रयासों की कड़ी में हिंदी भाषा के शिक्षण को अधिक प्रभावशाली, रुचिकर व नवाचारपूर्ण बनाने के उद्देश्य से शनिवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो में एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। न्यू सरस्वती हाउस प्रकाशन के सहयोग से आयोजित इस हिन्दी भाषा शिक्षण कार्यशाला में मेजबान डीपीएस बोकारो के साथ-साथ कई जिलों के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 80 शिक्षक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इनमें बोकारो, धनबाद व रांची जिलों के अलावा आसपास के क्षेत्रों से विभिन्न स्कूलों के शिक्षक शामिल रहे। कार्यशाला का उद्घाटन रिसोर्स पर्सन प्रसिद्ध हिंदी शिक्षाविद, शोधकर्ता और शैक्षणिक सामग्री विशेषज्ञ डॉ. मनीष खारी, डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार, न्यू सरस्वती हाउस के उपाध्यक्ष एस. एच. उस्मानी, महाप्रबंधक संतोष कुमार, विद्यालय के वरीय उपप्राचार्य अंजनी भूषण, उपप्राचार्या शालिनी शर्मा एवं प्रधानाध्यापिका सह हिंदी विभागाध्यक्षा डॉ. सरिता गंगवार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इतनी शक्ति हमें देना दाता... के सामूहिक गायन से भावपूर्ण प्रार्थना के उपरांत कार्यशाला विधिवत शुरू हुई।
सभ्यता-संस्कृति व राष्ट्रीय सम्मान का द्योतक है हिंदी : डॉ. गंगवार
आरंभ में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. गंगवार ने रिसोर्स पर्सन सहित सभी सहभागी शिक्षकों का स्वागत करते हुए हिन्दी भाषा के प्रभावी अध्यापन की दिशा में इस कार्यशाला को काफी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बदलते समय और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षकों का निरंतर अपडेट रहना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि भाषा की संवेदना और रचनात्मकता से भी जोड़ सकें। उन्होंने कहा कि वो शिक्षक ही है, जो साहित्य को व्यक्तित्व में परिवर्तित करने की क्षमता रखते हैं। वस्तुतः, हिंदी मात्र हमारी भाषा ही नहीं, अपितु हमारी संस्कृति, सभ्यता तथा आत्मीय एवं राष्ट्रीय सम्मान का द्योतक भी है। उन्होंने विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों एवं संवेदनशीलता के विकास में भी शिक्षकों की भूमिका रेखांकित की।
एआई के रचनात्मक उपयोग से रोचक बन सकता है पाठ : डॉ. मनीष खारी
रिसोर्स पर्सन डॉ. मनीष खारी ने हिंदी भाषा शिक्षण को प्रभावशाली बनाने के विविध पहलुओं पर प्रकाश डाला। राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (एनसीएफ) और भाषा शिक्षण के संबंधों को स्पष्ट करते हुए उन्होंने आधुनिक कक्षाओं की जरूरतों के अनुरूप विभिन्न शिक्षण रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि हिंदी शिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के रचनात्मक उपयोग और डिजिटल टूल्स के माध्यम से पाठ को अधिक रोचक बनाया जा सकता है। पारंपरिक शिक्षण पद्धति एवं बच्चों को बोझिल तरीके से पढ़ाने के बजाय खेल-खेल में व्यावहारिक गतिविधियों के जरिए हिंदी के प्रति स्वाभाविक रुचि जागृत करने पर उन्होंने विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि भाषा केवल पढ़ने के लिए ही नहीं गढ़ने के लिए भी है। हमारी भाषा हमारी संस्कृति का प्राण है, जो उसे ऊर्जा देती है। संवेदनशीलता, भावनात्मक जुड़ाव और लोकहित की भावना केवल अपनी भाषा से ही संभव है। विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति और भाषा कौशल के विकास के लिए कहानी कहने की कला, नाट्य-मंचन और थिएटर इन एजुकेशन के तहत अभिनय व भूमिका-निर्वाह को शिक्षण का अभिन्न हिस्सा बनाने पर भी उन्होंने प्रकाश डाला। योग्यता-आधारित शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए डॉ. खारी ने कहा कि रटने की परंपरा से आगे बढ़कर दैनिक जीवन में भाषा के व्यावहारिक प्रयोग को प्रोत्साहित करना समय की मांग है, साथ ही कविता, कहानी और संवाद लेखन के अभ्यास से विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को नई दिशा दी जा सकती है।
गतिविधियों और आपसी संवाद ने बढ़ाई रोचकता
कार्यशाला के दौरान उपस्थित शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और भाषा शिक्षण में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर रिसोर्स पर्सन से सीधा संवाद किया। विभिन्न संवादात्मक गतिविधियों और समूह चर्चाओं के माध्यम से शिक्षकों ने नई तकनीकों को आत्मसात किया। चित्र देखो-दोहा पहचानो, शब्दों का जादू, अंताक्षरी, विज्ञापन-लेखन आदि गतिविधियों ने कार्यशाला को और रोचक बना दिया। कार्यशाला के उद्घाटन सत्र का संचालन डीपीएस बोकारो के शिक्षक बलदेव प्रमाणिक तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन वरीय हिंदी शिक्षिका पी. कलावती ने किया। आयोजन की सफलता में विद्यालय के हिंदी विभाग के शिक्षकों की सराहनीय भूमिका रही।
