रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे 'स्थापना दिवस पखवाड़े' के तहत शनिवार को पूरे राज्य में जनकल्याण और विकास से जुड़े कार्यक्रमों की धूम रही। रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, गिरिडीह, दुमका, कोडरमा, लोहरदगा, चतरा और सरायकेला-खरसावां सहित कई जिलों में आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और खेलकूद से जुड़ी गतिविधियों में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
महिला सशक्तीकरण और आजीविका पर विशेष जोर
राज्य की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न जिलों में विशेष पहल की गई। पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के मुसाबनी और डुमरिया प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में स्वयं सहायता समूहों और लाभुकों को क्रमशः 1.26 करोड़ और 1.21 करोड़ रुपये (कुल 2.47 करोड़ रुपये से अधिक) की वित्तीय सहायता दी गई।
वहीं, राजधानी रांची में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के माध्यम से फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 15 महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 4.40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। सोनाहातू में महिला समूह और फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी को खेती के लिए ट्रैक्टर सौंपा गया। इसके अलावा जिले के विभिन्न प्रखंडों में 3,216 बकरियों का टीकाकरण और 1,425 लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी पूरा किया गया। उधर, गिरिडीह और दुमका में महिला किसानों को उन्नत खेती के लिए गेहूं, चना और सरसों के बीज वितरित किए गए।
सुरक्षित मातृत्व अभियान से जुड़ीं 1.85 लाख से अधिक महिलाएं
स्वास्थ्य और पोषण के मोर्चे पर राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में 'सुरक्षित मातृत्व अभियान' चलाया गया। इसमें गर्भवती और धात्री महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें पोषण और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान में 1,85,070 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अकेले लोहरदगा में 5,127 लोग महिला एवं बाल विकास विभाग की गतिविधियों से जुड़े। साथ ही, स्कूलों में विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल विवाह रोकथाम, पॉक्सो कानून और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
नवनिर्मित आवासों में हुआ गृह प्रवेश, चला स्वच्छता अभियान
गरीबों को पक्का छत देने की मुहिम के तहत हजारीबाग में पीएम आवास (ग्रामीण), पीएम जनमन, अबुआ आवास और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश कराया गया। कोडरमा में भी 65 लाभुकों ने अपने नए घरों में प्रवेश किया। इसके अतिरिक्त रांची, हजारीबाग और चतरा सहित कई जिलों में स्वच्छता अभियान, प्रभात फेरी, बाल सभाएं तथा निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
खेल और लोक संस्कृति के रंग में रंगा झारखंड
पखवाड़े के दौरान ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए कई प्रतियोगिताएं हुईं। कोडरमा में 682 खिलाड़ियों ने फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी और पारंपरिक खेलों में अपना दमखम दिखाया। दुमका में प्रमंडल स्तरीय जनजातीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जबकि गिरिडीह में दो दिवसीय खेल महोत्सव की शुरुआत हुई। गिरिडीह के सभी 13 प्रखंडों में लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाओं के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।
इसके अलावा जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा रैली, लोहरदगा में तंबाकू मुक्त अभियान, चतरा में पेंशन व राजस्व शिविर तथा सरायकेला-खरसावां में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर आम जनता को सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया। इन आयोजनों के जरिए जनभागीदारी से आत्मनिर्भर और सशक्त झारखंड के निर्माण का संकल्प दोहराया गया।
