देवघर। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शनिवार को देवघर पहुंचे। उन्होंने जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सोनारायठाढ़ी प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर एसआईआर के तहत मतदाताओं की सुनवाई प्रक्रिया से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। इस दौरान कुछ मतदाताओं की सुनवाई के क्रम में दस्तावेजों के सत्यापन से संबंधित कमियां पाई गईं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इस पर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी चिह्नित कमियों को 30 नवंबर तक दूर करते हुए प्रतिवेदन समर्पित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहे तथा किसी भी विदेशी अथवा अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो। उन्होंने सुनवाई एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बारला, देवघर सहित संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित रहे।