- महिला सशक्तीकरण, आधुनिक कृषि और पारंपरिक खेलों के आयोजनों से बढ़ी जनभागीदारी
- स्वच्छ एवं स्वस्थ आंगनबाड़ी दिवस अभियान में दो लाख से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर पूरे राज्य में विकास, जनकल्याण और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को राजधानी रांची सहित चतरा, लातेहार, दुमका, गिरिडीह, गढ़वा, खूंटी, सिमडेगा, गोड्डा, धनबाद और जमशेदपुर में विभिन्न आयोजनों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचाया गया।
सैकड़ों परिवारों का हुआ गृह प्रवेश
पखवाड़े के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना और पीएम-जनमन के अंतर्गत बने पक्के मकानों में लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। गोड्डा में सर्वाधिक 261, जमशेदपुर (बहरागोड़ा व गुड़ाबांदा) में 110, चतरा में 98 तथा लातेहार में कुल 88 (पीएम आवास-26, अबुआ आवास-57, पीएम-जनमन-5) परिवारों को नए घर की चाबी सौंपी गई। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार पौधे भी लगाए गए, वहीं गिरिडीह में बिरहोर समुदाय के परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
आधी आबादी को मिली आर्थिक मजबूती
महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देते हुए जेएसएलपीएस के माध्यम से सखी मंडलों को सामुदायिक निवेश निधि और आजीविका के संसाधन उपलब्ध कराए गए। जमशेदपुर में 'मुख्यमंत्री फूलो झानो आशीर्वाद योजना' के तहत बहरागोड़ा की 8 और गुड़ाबांदा की 37 महिलाओं को आर्थिक सहायता दी गई। रांची में पीएम मुद्रा योजना से 5 दीदियों को कुल 5 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया, ताकि वे स्वरोजगार और कृषि आधारित व्यवसायों से जुड़ सकें।
किसानों को आधुनिक खेती के गुर, युवाओं को मिला मंच
रांची, लातेहार, खूंटी और दुमका में आयोजित रबी कर्मशाला और कृषि मेलों में किसानों को उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, केसीसी और माइक्रो ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया गया। दूसरी ओर, राज्य के विभिन्न जिलों में तीरंदाजी, हॉकी, फुटबॉल के साथ-साथ गुलेल, मटका और गेड़ी दौड़ जैसे पारंपरिक जनजातीय खेलों का आयोजन हुआ। सिमडेगा में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं और खूंटी में जिला स्तरीय युवा महोत्सव ने स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया।
स्वच्छता अभियान में उमड़ा जनसैलाब
20 नवंबर को धनबाद सहित राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 'स्वच्छ एवं स्वस्थ आंगनबाड़ी दिवस' मनाया गया। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान में राज्यभर से 2,01,384 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अलावा, चतरा में दिव्यांग शिविर व दुधारू गाय मेला, दुमका में कुपोषण उपचार प्रशिक्षण, रांची में रक्तदान शिविर और गढ़वा में नशामुक्ति अभियान व सड़क शिलान्यास जैसे जनहितैषी कार्य संपन्न हुए।
