- वैकल्पिक व्यवस्था में विफल रहने पर संचालन एजेंसी ‘सम्मान फाउंडेशन’ पर भी दर्ज होगी प्राथमिकी
- आवश्यकता पड़ने पर ओडिशा और पश्चिम बंगाल से मंगाई जाएंगी एंबुलेंस, विभाग वहन करेगा खर्च
रांची। राज्य में पिछले तीन दिनों से जारी 108 एंबुलेंस चालकों की हड़ताल से उत्पन्न स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपना लिया है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के सिविल सर्जनों के साथ समीक्षा बैठक की और हड़ताल से निपटने के लिए कई कठोर निर्देश दिए। बैठक में एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
समीक्षा के दौरान अधिकतर जिलों से यह जानकारी सामने आई कि हड़ताल का व्यापक असर है और कई चालक एंबुलेंस की चाबियां अपने साथ लेकर चले गए हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि जिन चालकों ने एंबुलेंस की चाबियां अपने पास रखी हैं, उनके विरुद्ध संचालन एजेंसी 'सम्मान फाउंडेशन' के माध्यम से तत्काल प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई जाए। कई जिलों में सिविल सर्जन कार्यालय के कर्मियों ने थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू भी कर दी है।
अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि जिन जिलों में सभी चालक हड़ताल पर हैं, वहां वैकल्पिक चालकों की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी सम्मान फाउंडेशन की है। यदि फाउंडेशन इसमें विफल रहता है, तो उसके विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को अपने स्तर पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने और आवश्यकता पड़ने पर वाहन किराये पर लेकर सेवा चालू रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पड़ोसी जिलों के साथ-साथ ओडिशा और पश्चिम बंगाल से भी एंबुलेंस मंगाई जा सकती हैं, जिसका पूरा खर्च विभाग वहन करेगा।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि हड़ताली कर्मियों से फिलहाल किसी तरह की वार्ता नहीं होगी। जो चालक काम पर लौटते हैं, केवल उन्हें ही सेवा में रखा जाएगा और काम पर न लौटने वालों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सम्मान फाउंडेशन को 24 घंटे के भीतर उन चालकों की सूची देने को कहा गया है जिनका वेतन बकाया है।
बैठक में सभी जिलों के नोडल पदाधिकारियों को अलर्ट रहने और कार्यरत चालकों के नाम व मोबाइल नंबर कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके। समीक्षा के दौरान बताया गया कि लोहरदगा जिले में सभी 108 एंबुलेंस सुचारू रूप से चल रही हैं, जबकि पलामू में छह चालकों के हड़ताल पर जाने के बाद आउटसोर्सिंग के माध्यम से एक एंबुलेंस संचालित की जा रही है।
