चतरा। चतरा जिले की गिद्धौर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 709 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को गिद्धौर थाना क्षेत्र के बेला घाट के समीप विशेष छापेमारी अभियान चलाकर की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिमरिया एसडीपीओ नगरगोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में गठित टीम ने बेला घाट के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक एसपी शाइन मोटरसाइकिल (जेएच-02 बीएस-3535) पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 709 ग्राम अवैध अफीम, एक रियलमी स्मार्टफोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के उंटा गांव निवासी दयानंद कुमार (19 वर्ष) एवं रामप्रवेश कुमार (22 वर्ष), दोनों निवासी उंटा गांव, सदर थाना क्षेत्र (चतरा) के रूप में हुई है।
इस संबंध में गिद्धौर थाना कांड संख्या 83/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सिमरिया एसडीपीओ नगरगोजे शुभम भाऊ साहेब ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है।
