रामगढ़ l सोहराय पर्व के शुभ अवसर पर रामगढ़ जिले के कैथा की पावन धरती पर आयोजित क्रिकेट महासंग्राम टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आज तेलियातु और मायल टीम के बीच बेहद रोमांचक अंदाज में खेला गया। कांटे की टक्कर वाले इस मुकाबले में तेलियातु की टीम ने मात्र 2 रनों से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। शानदार प्रदर्शन के लिए आदित्य उर्फ खोखा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के सुप्रीमो सह डुमरी विधायक माननीय डॉ. जयराम कुमार महतो तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में रामगढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी पानेश्वर कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. जयराम कुमार महतो ने विजेता टीम तेलियातु को शानदार जीत की बधाई दी तथा उपविजेता टीम मायल के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अगले वर्ष और बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल का मैदान वास्तव में जीवन में बहुत कुछ सिखाता है। टाइगर जयराम महतो ने कहा कि पहले कहा जाता था कि गांव का गीदड़ दो ही चीजों में पैसा कमाएगा पहला टांड़ में दौड़कर और दूसरा मिट्टी कोड़कर । ग्रामीण युवाओं के लिए खेल के मैदान में सक्रिय रहना बेहद जरूरी है। खेलकूद से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा मानसिक तनाव भी दूर होता है। इसलिए गांव-गांव में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहिए। वहीं, विशिष्ट अतिथि पानेश्वर कुमार ने कहा कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना तथा आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। गौरतलब है कि इस क्रिकेट महासंग्राम टूर्नामेंट का शुभारंभ 26 अक्टूबर 2026 को हुआ था। सोहराय पर्व के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, खेल कौशल और उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फाइनल मुकाबले के दौरान JLKM के केंद्रीय, जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य तथा हजारों की संख्या में खेलप्रेमी ग्रामीण उपस्थित रहे। रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ ही टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। खेल भावना की जीत, ग्रामीण प्रतिभाओं को सम्मान और आपसी भाईचारे का संदेश देते हुए कैथा क्रिकेट महासंग्राम ने क्षेत्र में एक नई ऊर्जा का संचार किया।
जिला
ब्रेकिंग
