बोकारो। बोकारो जिले में ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रहे हैं। समूहों से जुड़कर महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि अपने परिवार को भी एक मजबूत सहारा दे रही हैं। ऐसी ही एक प्रेरणादायक दास्तान चंद्रपुरा प्रखंड के जुनोरी गांव की रहने वाली बागेश्वरी देवी की है, जिन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की मदद से अपनी किस्मत की इबारत खुद लिखी है।

बागेश्वरी देवी (पति - तुलसी राम महतो) का परिवार पहले पूरी तरह से पारंपरिक खेती और मजदूरी पर निर्भर था। पूंजी की कमी और सीमित संसाधनों के कारण वे अपनी उपलब्ध कृषि भूमि का पूरा उपयोग नहीं कर पाते थे। कम उत्पादन के चलते आमदनी इतनी कम थी कि दो वक्त की रोटी और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

जीवन में बदलाव की इस मुहिम की शुरुआत तब हुई जब बागेश्वरी देवी 'मांसा स्वयं सहायता समूह' से जुड़ीं। यह समूह जुनोरी ग्राम संगठन के अंतर्गत और तेलो संकुल स्तरीय संगठन से संचालित होता है।

समूह से जुड़ने के बाद उन्हें बचत, वित्तीय साक्षरता और खेती-बाड़ी के गुर सीखने का मौका मिला। अपनी कृषि गतिविधियों को विस्तार देने के लिए उन्होंने समूह से छोटे-बड़े ऋण प्राप्त किए। इस वित्तीय सहयोग का उन्होंने पूरी सूझबूझ के साथ धान और सब्जी की खेती को बढ़ाने में इस्तेमाल किया।

समय पर बेहतर बीज, खाद, सिंचाई और उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर बागेश्वरी देवी ने खेती को व्यावसायिक रूप दिया। अब वे धान के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की हरी सब्जियों का बंपर उत्पादन कर रही हैं, जिन्हें स्थानीय बाजारों में बेचकर अच्छी आमदनी हो रही है। आज उनके अथक परिश्रम और समूह के सहयोग से उनकी वार्षिक आय बढ़कर लगभग सात लाख रुपये तक पहुंच गई है।

खेती से होने वाली इस नियमित आय ने उनके पूरे परिवार का जीवन स्तर बदल दिया है। आज वह अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा, घरेलू जरूरतों और परिवार की अन्य आवश्यकताओं को बिना किसी आर्थिक तनाव के पूरा कर पा रही हैं। उनकी इस सफलता ने न सिर्फ उनके घर में खुशहाली लाई है, बल्कि वे आसपास की अन्य महिलाओं के लिए भी एक मिसाल बन गई हैं। अब वे दूसरी महिलाओं को भी समूहों से जुड़कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि

स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में रीढ़ की हड्डी साबित हो रहे हैं। महिलाओं को समय पर प्रशिक्षण, ऋण और आजीविका के अवसर प्रदान कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास लगातार जारी हैं। बागेश्वरी देवी की सफलता यह साबित करती है कि लगन और सही मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण महिलाएं किसी भी क्षेत्र में नया मुकाम हासिल कर सकती हैं।