​रांची। झारखंड विधानसभा का आगामी स्थापना दिवस समारोह इस वर्ष सादगी के साथ आयोजित किया जाएगा। हाल ही में राजनीतिक जगत से जुड़ी हस्तियों के निधन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

​विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में उच्च अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा की समीक्षा की।

स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाला सम्मान समारोह सहित अन्य सभी निर्धारित कार्यक्रम झारखंड विधानसभा के सेंट्रल हॉल में ही आयोजित किए जाएंगे।

​राजनीतिक शोक के माहौल को देखते हुए समारोह के कार्यक्रमों को संक्षिप्त और सादगीपूर्ण रखा जाएगा, हालांकि उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान समारोह यथावत आयोजित होगा।

​बैठक के दौरान 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित विधानसभा के विशेष सत्र की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

​इस बैठक में विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित एस. वजीह बंटी, कुन्दन कुमार सिंह, गुरूचरण सिंकु, संजीत कुमार, अनुप लाल, किरण सुमन बाखला, रवि शंकर प्रसाद, विष्णु पासवान और राव दिपेन्द्र कुमार यादव समेत कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।