रांची। सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने दुष्कर्म जैसे गंभीर और संगीन आरोप लगाए हैं। इस मामले के सामने आते ही झारखंड की राजनीतिक गलियारों में भारी हलचल मच गई है।
ताजा घटनाक्रम के तहत आज 14 नवंबर को पीड़िता का बयान न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में बीएनएसएस (BNSS) की धारा 183 के तहत दर्ज करा लिया गया है।
इससे पहले 13 नवंबर को पीड़िता की शिकायत पर विधायक के खिलाफ विधानसभा थाने में पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके साथ ही, कल देर शाम ही पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा चुका है।
एक तरफ जहां इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं, वहीं दूसरी ओर विधायक भूषण बाड़ा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। विधायक का कहना है कि यह पूरा मामला पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है और उनकी राजनीतिक छवि को धूमिल करने के लिए एक सोची-समझी साजिश रची गई है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन इस संवेदनशील मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रहा है।
