बोकारो। बोकारो जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष जवाहर लाल महथा ने प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान का सकारात्मक असर दिख रहा है। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को हुए प्रदर्शन के बाद निर्वाचन आयोग ने 6 नवंबर को झारखंड समेत पांच राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पत्र जारी कर एएसडीडी(Absent, Shifted, Dead, and Duplicate)सूची में छूटे मतदाताओं को दोबारा गणना प्रपत्र (इन्यूमरेशन फॉर्म) भरवाकर सूची में शामिल करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने बताया कि झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार सभी मतदान केंद्रों पर ‘एक और अवसर’ कार्यक्रम के तहत बैठकें हो रही हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता बीएलओ और बीएलए के साथ मिलकर ऐसे मतदाताओं की पहचान कर उनके फॉर्म भरवाने में पूरा सहयोग करेंगे।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पूरे झारखंड में अब भी 17 लाख से अधिक मतदाताओं के नो मैप, तार्किक विसंगति और अन्य श्रेणियों के मामले लंबित हैं। बोकारो जिले में अकेले तार्किक विसंगति और नो मैप श्रेणी के 56-56 हजार मामले अभी भी निष्पादन के इंतजार में हैं। उन्होंने मांग की कि सर्वोच्च न्यायालय के विचाराधीन मामलों को देखते हुए निर्वाचन आयोग संवेदनशील रुख अपनाए और समय-सीमा के भीतर युद्धस्तर पर इनका निष्पादन करे, ताकि कोई भी वास्तविक मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 भरना अनिवार्य है। इसके लिए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा एक व्हाट्सएप नंबर 6200079297 जारी किया गया है, जिसपर विवरण भेजकर बीएलओ के माध्यम से फॉर्म भरवाया जा सकता है।
