चतरा। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चट्टी अनतपर गांव में आठ साल की बच्ची शिवानी की निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस जघन्य हत्याकांड को किसी और ने नहीं, बल्कि बच्ची की अपनी मौसी ने अपने जेठ और उनके बेटे के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसपी अनिमेष नैथानी ने प्रेसवार्ता में बताया कि मुख्य आरोपी सोहरी देवी अपने घर में ओझा-गुणी और झाड़-फूंक का काम करती थी। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि बच्ची के माता-पिता के साथ उनका आपसी विवाद चल रहा था। इसी रंजिश और तांत्रिक सिद्धि पाने की लालसा में उन्होंने इस खौफनाक वारदात की साजिश रची थी।
शिवानी दीपावली की अमावस्या की रात को अपने घर से रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी। उसी रात आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी थी। घटना के दो दिन बाद यानी 13 नवंबर को बच्ची का शव उसके घर से करीब 150 मीटर पश्चिम की ओर एक झाड़ी और धान के खेत से बरामद किया गया था।
अपराधियों ने पुलिस और अनुसंधान को पूरी तरह गुमराह करने तथा मामले को दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध का रूप देने की कोशिश की थी। उन्होंने जांच की दिशा भटकाने के लिए बच्ची के गुप्तांग में बांस डाल दिया था, ताकि लोग इसे किसी अन्य अपराध से जोड़कर देखें।
छापेमारी और जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी सोहरी देवी के घर और घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण और खून से सने साक्ष्य बरामद किए हैं। इनमें मुख्य रूप से टूटी हुई लाल चूड़ी और टूटी बाली, खून लगा प्लास और खून लगा हसुवा, खून लगी घास और खून लगा, पीड़िता का आसमानी रंग का पैंट टोना-टोटका में उपयोग होने वाला सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप और हल्दी शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपीसोहरी देवी (मुख्य आरोपी / मौसी - ओझा-गुणी का काम करने वाली),बिन्दु भारती (सोहरी देवी के जेठ) और जुगेश भारती (बिन्दु भारती के बेटे)को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
