खूंटी। खूंटी-रांची मुख्य मार्ग स्थित जियरप्पा हुटार के 'पुष्पा फ्यूल' पेट्रोल पंप पर शुक्रवार रात हुई गोलीबारी की घटना के संबंध में खूंटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा, कारतूस का अगला हिस्सा और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के नाम से लिखा एक पर्चा बरामद किया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार शुक्रवार रात करीब नौ बजे तीन नकाबपोश अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचे। उन्होंने सीधे कार्यालय को निशाना बनाकर तीन राउंड फायरिंग की। इस गोलीबारी की चपेट में आने से पेट्रोल पंप पर कार्यरत घाघरा निवासी अमित कुमार (23) के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके पर पीएलएफआई के नाम से धमकी भरा पर्चा छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस द्वारा घटनास्थल से जब्त किए गए पर्चे की जांच की जा रही है। चार्ट पेपर पर लाल स्याही से 'पीएलएफआई लाल सलाम' और नीचे जोनल कमांडर राजेश यादव का नाम लिखा हुआ है। प्राथमिकी में स्पष्ट किया गया है कि अपराधियों ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई और पीएलएफआई संगठन के नाम पर रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया है।
सूत्रों के अनुसार यह पेट्रोल पंप भाजपा नेता परमेश्वर प्रसाद के भांजे का है। पंप संचालक आर्यन साहू ने बताया कि उन्हें घटना से पहले भी तीन-चार बार धमकी भरे फोन कॉल आ चुके थे। आरोप है कि इसकी सूचना पहले ही पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पेट्रोल पंप संचालकों और स्थानीय व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल है।
घटनास्थल से दो खोखा, कारतूस का एक अगला हिस्सा और पीएलएफआई के नाम से लिखा पर्चा।
इस मामले में तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ खूंटी थाने में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने इस सिलसिले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अपराधियों की पहचान सुनिश्चित करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
