बरही। स्टेशन रोड स्थित 'होटल ए के पैलेस' के बाहर शुक्रवार देर शाम बाइक सवार दो अपराधियों ने पांच राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोलीबारी के दौरान दो गोलियां होटल के चौथे तल्ले के शीशे में जा लगीं, जिससे शीशे में छेद हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके पर 'राहुल दुबे गैंग' के नाम का एक पर्चा छोड़कर ओल्ड जीटी रोड की ओर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों अपराधी नीले रंग की अपाची बाइक पर सवार होकर होटल के बाहर पहुंचे और ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर और थाना प्रभारी विनोद कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। समाचार लिखे जाने तक आईपीएस अमित आनंद भी घटनास्थल पर पहुंच चुके थे।
एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि फायरिंग के पीछे के मकसद और अपराधियों की पहचान के लिए होटल व आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटनास्थल से मिले पर्चे में 'राहुल दुबे गैंग' का नाम लिखा है, हालांकि वारदात में इस गिरोह की वास्तविक संलिप्तता है या नहीं, पुलिस इस पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
इधर, होटल संचालक वीरेंद्र रजक ने बताया कि उन्हें गोलीबारी की सूचना मिली है, लेकिन अपराधियों ने किस उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
