​रांची।​ झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। रांची के प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि आज झारखंड में न तो जेल सुरक्षित है, न थाना और न ही विधायक आवास, जिससे आम नागरिक खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रहा है।

​ उन्होंने कहा कि जेल में एक 20 वर्षीय युवक के साथ कथित सामूहिक यौन हिंसा की गंभीर घटना सामने आई है। शिकायत करने पर अधिकारी ने आवेदन फाड़ दिया और इलाज भी नहीं कराया गया।

सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म, गर्भपात कराने और प्रताड़ित करने का आरोप है। नेता प्रतिपक्ष ने पीड़िता को न्याय दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

​ सरकार द्वारा उच्च न्यायालय को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में हिरासत के दौरान 427 मौतें हुई हैं, जिनमें से 262 मामलों में न्यायिक जांच नहीं कराई गई।

​गम्हरिया थाना में न्याय मांगने आई महिला के साथ दुष्कर्म, लातेहार के बरियातू और सरायकेला के कपाली में आदिवासियों पर पुलिसिया अत्याचार व हिरासत में मौतों के मामलों का हवाला देते हुए उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

​अंत में, श्री मरांडी ने इन घटनाओं पर सरकार से जवाब मांगते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।