रांची। जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ जारी गतिरोध खत्म करने के लिए राज्य सरकार ने एक और पहल की है। प्रशासन की ओर से आंदोलनरत छात्रों को 17 अगस्त की दोपहर 2:00 बजे बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया है।
प्रशासनिक स्तर पर एसडीओ और एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) ने छात्रों से मुलाकात कर इस बाबत जानकारी दी। सरकार की ओर से पेश किए गए प्रस्ताव में छात्रों को उनके विधिक सलाहकारों (लीगल एडवाइजर्स) के साथ वार्ता में शामिल होने की छूट दी गई है, ताकि कानूनी और तकनीकी पहलुओं पर स्पष्ट चर्चा हो सके।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक छात्र गुटों की ओर से बैठक में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसके साथ ही कल होने वाली इस बैठक में छात्रों का प्रतिनिधित्व कौन करेगा और सरकार के पक्ष से कौन-कौन से अधिकारी या प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, इस पर स्थिति फिलहाल अस्पष्ट बनी हुई है।
