रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में धांधली और गड़बड़ियों के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन आज 11वें दिन भी जारी रहा। शाम को छात्रों ने बारिश में तिरंगा जुलूस निकाला और अल्बर्ट एक्का चौक पर जाकर प्रदर्शन किया। इधर स्टेडियम में 7 से अधिक प्रदर्शनकारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इनमें छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो 2 अगस्त से अन्न-जल त्यागकर अनशन कर रहे थे।
बुधवार को प्रसिद्ध पर्यावरणविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल पर बात की। वांगचुक की भावुक अपील के बाद देवेंद्र ने पानी पीकर अपना जल त्याग समाप्त किया, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों के पूरा होने तक उनका अनशन और आंदोलन जारी रहेगा।
सरकार ने की वार्ता की पहलः दूसरी ओर, आंदोलनरत छात्रों के बढ़ते दबाव के बीच राज्य सरकार ने मध्यस्थता की पहल की है। बुधवार को एसडीएम कुमार रजत और एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय कुमार प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की ओर से छात्रों को सरकार का संदेश सौंपा।
एसडीएम कुमार रजत ने आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार छात्रों की समस्याओं और मांगों पर सकारात्मक रुख रखती है। उन्होंने छात्रों से 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित करने का अनुरोध किया, ताकि सीएम स्तर पर उनसे सीधी वार्ता की जा सके। खबर लिखे जाने तक आंदोलनकारी छात्र यह तय नहीं कर पाए कि मुख्यमंत्री से वार्ता के लिए कौन कौन जाएंगे। दूसरी ओर कुछ छात्रों की यह भी मांग थी कि सीएम हेमंत सोरेन धरना स्थल पर आकर बातचीत करें। इस मुद्दे पर छात्र नेताओं में सहमति नहीं बन पाई। आपस में बातचीत चल रही थी।
