जमशेदपुर। टाटा मोटर्स की एक्सल फैक्ट्री में आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान उत्कृष्ट रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। टाटा मोटर्स ब्लड डोनेशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में नियमित रूप से रक्तदान करने वाले कर्मचारियों को प्रतीक चिह्न, उपहार एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान नागेश चौधरी को 75 बार, अखिलेश कुमार और सुनील कुमार को 50-50 बार तथा टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री राजेश कुमार सिंह उर्फ आरके सिंह को 25 बार रक्तदान करने के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, एक्सल फैक्ट्री के सौजन्य से आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 258 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ।

कार्यक्रम में टाटा मोटर्स के एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय, यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह ने सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने रक्तदान को समाजहित में महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल बताया।

25 बार रक्तदान के लिए आरके सिंह सम्मानित

महामंत्री आरके सिंह को 25वीं बार रक्तदान करने पर एचआर हेड प्रणव कुमार और ईआर हेड सौमिक रॉय ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया। आरके सिंह लंबे समय से नियमित रक्तदान करने के साथ अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करते रहे हैं।

आरके सिंह ने कहा कि आर्थिक मदद करना अपनी जगह है, लेकिन किसी जरूरतमंद की जान बचाने के लिए रक्तदान करना विशेष सेवा है। उन्होंने कहा कि वे नियमित रक्तदान को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी मानते हैं और इससे दूसरों की मदद के साथ स्वयं को भी संतुष्टि मिलती है।

कार्यक्रम में रक्त संयोजक टोटन बनर्जी, दुर्गेश कुमार समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।