रांची । मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस (रांची) में जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच और सरकार के बीच शनिवार को हुई वार्ता बेनतीजा रही। 1 घंटे से अधिक समय तक हुई इस वार्ता से कोई नतीजा नहीं निकला। 8 सदस्य छात्र प्रतिनिधिमंडल और सरकार के स्तर से गठित 4 मंत्रियों के विशेष समूह के बीच किसी बिंदु पर आम सहमति नहीं बन सकी। वार्ता के बाद छात्र नेता चंदन कुमार ने बताया कि सरकार ने नियुक्ति परीक्षाओं को रद्द करने सहित अन्य मांगों पर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल अभी आंदोलन जारी रहेगा। परीक्षाओं को रद्द किये जाने तक छात्रों का विरोध जयपाल सिंह स्टेडियम में जारी रहेगा। वहीं दीनबंधु ने बताया कि 14वीं जेपीएससी को रद्द करने और 6 माह के अंदर फिर से परीक्षा लिए जाने और अन्य मांगों को रखा गया है। सरकार ने आश्वासन दिया है| इस दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने एक मेल आईडी जारी किया| उन्होंने कहा कि कोई भी छात्र, स्टेक होल्डर या कोई भी व्यक्ति मेल कर परीक्षा प्रणालियों में सुधार सहित अन्य बिन्दुओं पर अपनी राय दे सकते हैं। सरकार इस पर सामुहिक निर्णय लेगी| मौके पर सरकार की तरफ से प्रतिनिधिमंडल में मंत्री दीपिका पांडे सिंह, सुदिव्य कुमार सोनू, संजय कुमार यादव शामिल हुए। छात्र गुट से दीनबंधु मंडल, पूजा कुमारी, चंदन कुमार, बिमल कुमार, प्रेम कुमार, रविशंकर, अमित कुमार शर्मा, रामावतार महतो शामिल थे। इससे पहले शुक्रवार को भी सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन कर रहे दूसरे गुट के छात्रों प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की थी लेकिन उस बातचीत में कोई ठोस हल नहीं निकला था। हालांकि बातचीत के सभी विकल्प अभी भी खुले हुए हैं| जिस गुट की सरकार से बातचीत हुई है, उन छात्रों के समर्थन में जेएलकेएम नेता देवेन्द्र नाथ महतो पिछले छह दिनों से भूख हड़ताल में हैं।