सरायकेला। आदित्यपुर सतवाहनी स्थित 'जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट' में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। मृतका के पिता की शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पति, सास, ससुर और देवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मृतका पिंकी कुमारी ने कुछ महीने पहले ही मनीष शर्मा के साथ प्रेम विवाह किया था। मृतका के पिता और आदित्यपुर-1 (रोड नंबर 3) निवासी ललित महतो ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए बेटी को लगातार प्रताड़ित करने और बेरहमी से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार पिंकी गर्भवती थी, इसके बावजूद ससुराल पक्ष की क्रूरता कम नहीं हुई।
घटना वाले दिन पिंकी को बुरी तरह पीटा गया तथा उसकी छाती और पेट पर वार किए गए। इसके बाद ससुराल वाले बिना मायके पक्ष या पुलिस को सूचना दिए उसे कार से पहले एमजीएम और फिर रांची के रिम्स ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन शव लेकर सीधे आरोपी के अपार्टमेंट पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मायके पक्ष का आरोप है कि इस घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए 'छत से कूदने' की मनगढ़ंत कहानी रची गई, जबकि अपार्टमेंट के गार्ड और प्रत्यक्षदर्शियों ने मृतका के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने की पुष्टि की है।
थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर चारों आरोपियों-पति मनीष शर्मा, ससुर श्याम शर्मा, सास पूनम शर्मा और देवर सतीश शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
