रामगढ़। राजधानी रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आश्वस्त किया है कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा। दिशोम गुरु पद्म भूषण शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर रामगढ़ जिले के नेमरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों की हर मांग और चिंता से पूरी तरह अवगत है तथा इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार के पास आंख, कान और संवेदनशीलता तीनों हैं। हम कितनी गंभीरता से इस मामले को देख रहे हैं, उसे सीना चीरकर तो नहीं दिखाया जा सकता, लेकिन सरकार हर स्थिति पर अपनी नजर बनाए हुए है।

मामले की जांच पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि विशेष जांच दल (एसआईटी) दिन-रात कार्य कर रहा है और सरकार जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुसंधान प्रक्रिया पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर ही कानूनी व संवैधानिक दायरे में उचित निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य के छात्रों के हितों की रक्षा करना सरकार की पहली प्राथमिकता है।