​रांची। जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती महाभियान के तहत चल रहे छात्र आंदोलन ने बुधवार को एक नया मोड़ ले लिया। प्रसिद्ध इनोवेटर और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक ने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल पर करीब आधे घंटे तक बात की। इस दौरान उन्होंने देवेंद्र के स्वास्थ्य का हाल जाना और उनसे अनशन समाप्त करने की अपील की, जिसके बाद देवेंद्र ने जल ग्रहण कर अपना अनिश्चितकालीन अनशन खत्म किया।

​सोनम वांगचुक ने सत्याग्रह के 12वें दिन और देवेंद्र की भूख हड़ताल के चौथे दिन इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने आंदोलन की स्थिति और छात्रों की मांगों की विस्तृत जानकारी लेते हुए अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीकों से अपनी आवाज उठाने की सलाह दी।

बातचीत के दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने सोनम वांगचुक को रांची आने का निमंत्रण दिया, ताकि वे आंदोलनरत छात्रों से मिलकर उनका मार्गदर्शन और हौसला अफजाई कर सकें। इस बातचीत के बाद आंदोलनकारी छात्रों में भारी उत्साह देखा गया।

अनशन तोड़ने के बाद मीडिया से बात करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने स्पष्ट किया कि अनशन भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन सत्याग्रह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती प्रक्रियाओं में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच नहीं होती। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल एक परीक्षा की नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और एक पारदर्शी भर्ती प्रणाली की स्थापना के लिए है।