रांची। राजधानी के हरमू पार्क में भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर असामाजिक तत्वों द्वारा कालिख पोते जाने के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस घटना से आक्रोशित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने सोमवार को अरगोड़ा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
मामला रविवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच का बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रतिमा के चेहरे पर लगी कालिख को साफ किया।
सोमवार सुबह इस घटना के विरोध में पूर्व सांसद दीपक प्रकाश और विधायक नवीन जायसवाल के नेतृत्व में भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल अरगोड़ा थाना पहुंचा। नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले में कड़ी कार्रवाई करने और असामाजिक तत्वों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थल पर स्थापित किसी महापुरुष की प्रतिमा के साथ इस तरह का अनादर बेहद गंभीर और निंदनीय है।
घटना की सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पार्क और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। वहीं, भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी आगे भी अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।
