मेदिनीनगर/चैनपुर। पलामू जिले में करम पूजा के बाद डाली विसर्जन के दौरान बुधवार सुबह दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में छह लोगों की डूबने से मौत हो गई। हादसों की खबर मिलते ही प्रभावित गांवों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकया गांव स्थित कोयल नदी के तट पर सुबह करीब छह बजे करम डाली विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हुआ। विसर्जन करने गए पांच बच्चे और युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सभी मृतक चैनपुर के पतरिया खुर्द गांव के रहने वाले थे।
वहीं, पाटन थाना क्षेत्र के नानी झरिया गांव में करम डाली विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से 16 वर्षीय सिंपी कुमारी (पिता- दिलीप पासवान) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विसर्जन के दौरान संतुलन बिगड़ने और पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में गिर गई। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया शोकः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पलामू में विसर्जन के दौरान हुआ हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
विधायक आलोक चौरसिया ने बांधा ढांढस, मुआवजे की मांगः डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलोक चौरसिया पीड़ित परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया। विधायक ने राज्य सरकार से सभी मृतक परिवारों को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता तत्काल देने की मांग की है।
मृतकों की सूची
नीतीश कुमार सिंह (18 वर्ष), अमित कुमार ठाकुर (22 वर्ष), विशाल पासवान (16 वर्ष), राजा सिंह (12 वर्ष), हेमंत कुमार सिंह (8 वर्ष)
