देवघर। आगामी विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला, 2026 की तैयारियों को लेकर देवघर परिसदन के सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर विकास एवं आवास, उच्च व तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बाबा नगरी देवघर और बासुकीनाथ आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं के लिए सुलभ, सुरक्षित जलार्पण और एक सुखद अनुभूति सुनिश्चित करना रहा।

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने घोषणा की कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वीआईपी और वीवीआईपी दर्शन पर पूरी तरह से रोक रहेगी, ताकि आम श्रद्धालुओं को जलार्पण में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। मेला क्षेत्र में सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बनाए जाने वाले तीन टेंट सिटी की क्षमता और सुविधाओं को पहले से भी अधिक वृहत और बेहतर बनाया जाएगा।

उमस और गर्मी से बचाव के लिए संपूर्ण मेला क्षेत्र में इंद्र वर्षा और मिस्ट कूलिंग सिस्टम की संख्या बढ़ाई जाएगी। बुनियादी सुविधाएं जैसे पेयजल, शौचालय, स्नानगृह, कूड़ेदान और 24 घंटे साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था रहेगी।देवघर नगरी और संपूर्ण मेला क्षेत्र को भव्य तरीके से सजाया जाएगा। वैकल्पिक बिजली और प्रकाश की चौबीसों घंटे व्यवस्था रहेगी। देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने पीपीटी के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा की जाने वाली तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जरमुण्डी विधायक देवेन्द्र कुँवर, ऊर्जा व पर्यटन विभाग के सचिव, संथाल परगना कमिश्नर, डीआईजी दुमका, देवघर व दुमका के पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त और सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।