देवघर। श्रावणी मेला के शुरुआती 14 दिनों में बाबा बैद्यनाथ मंदिर की आय में पिछले वर्ष की तुलना में 48.21 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में इसी अवधि के दौरान मंदिर को 2 करोड़ 39 लाख 25 हजार 311 रुपये की आय हुई थी, जबकि 2026 में यह बढ़कर 3 करोड़ 54 लाख 59 हजार 11 रुपये पहुंच गई। इस तरह इस वर्ष मंदिर की आय में 1 करोड़ 15 लाख 33 हजार 700 रुपये की वृद्धि हुई है।
आय में बढ़ोतरी का प्रमुख कारण कांवरियों की संख्या में हुई रिकॉर्ड वृद्धि को माना जा रहा है। मेले के शुरुआती 14 दिनों में इस वर्ष 28 लाख 33 हजार 634 कांवरियों ने बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण किया। वहीं, 2025 में इसी अवधि में 23 लाख 73 हजार 874 कांवरियों ने पूजा-अर्चना की थी। प्रशासन के अनुसार, सुगम जलार्पण व्यवस्था और राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हुआ है।
तीसरी सोमवारी पर चार लाख से अधिक कांवरियों के पहुंचने की संभावना
सावन की तीसरी सोमवारी 17 अगस्त को होगी। इस दिन सिंह संक्रांति, मनसा पूजा और नाग पंचमी भी पड़ रही है। इन धार्मिक संयोगों को देखते हुए प्रशासन को तीसरी सोमवारी पर चार लाख से अधिक कांवरियों के पहुंचने की संभावना है। इसे लेकर मेला क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
देवघर डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि पिछली दोनों सोमवारी की तरह तीसरी सोमवारी पर भी कम समय में अधिक से अधिक कांवरियों को जलार्पण कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
विदेशी मुद्रा भी चढ़ावे में मिली
बैद्यनाथ मंदिर परिसर के 18 दानपात्रों को मंदिर प्रशासन की निगरानी में खोला गया। गिनती के दौरान भारतीय मुद्रा के अलावा नेपाली, भूटानी, गुयाना डॉलर, यूएई दिरहम और थाई मुद्रा भी चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुई।
मंदिर की आय
2026: 3 करोड़ 54 लाख 59 हजार 11 रुपये
2025: 2 करोड़ 39 लाख 25 हजार 311 रुपये
कांवरियों की संख्या
2026: 28 लाख 33 हजार 634
2025: 23 लाख 73 हजार 874
दोनों वर्षों के आंकड़े श्रावणी मेला के शुरुआती 14 दिनों के हैं।
