चतरा। गुप्त सूचना के आधार पर चतरा पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के सक्रिय एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछू उर्फ लखन गंझू (40) को लावालौंग थाना क्षेत्र के पारामातु गांव से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह गांव में आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचा था।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि 16 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने गांव पारामातु आने वाला है। सूचना की पुष्टि के बाद सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।

एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पारामातु गांव पहुंचकर लक्ष्मण गंझू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक वह लंबे समय से फरार चल रहा था और टीएसपीसी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।

एसपी ने बताया कि वर्ष 2024 में सदर थाना क्षेत्र में अफीम विनष्टीकरण अभियान से लौट रहे पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर किए गए हमले की साजिश में भी लक्ष्मण गंझू शामिल था। इस हमले में दो पुलिस जवान शहीद हुए थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार उग्रवादी के खिलाफ वशिष्ठनगर थाना और सदर थाना में कुल तीन मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, यूएपीए और सीएलए एक्ट के तहत मामले शामिल हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर संगठन से जुड़ी अन्य गतिविधियों और साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।