देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 में श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। अब मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार की समस्या या असुविधा होने पर श्रद्धालु क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे प्रशासन तक अपनी शिकायत और सुझाव पहुंचा सकेंगे।
जिला प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र में क्यूआर कोड आधारित शिकायत प्रणाली को प्रदर्शित किया है। डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर अनुभव को ध्यान में रखते हुए तकनीक आधारित व्यवस्था लागू की गई है।
उन्होंने बताया कि यदि किसी श्रद्धालु को शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई, होल्डिंग प्वाइंट, प्रशासनिक शिविर, स्वास्थ्य शिविर, कांवरिया रूटलाइन या अन्य किसी स्थान पर परेशानी नजर आती है, तो वह संबंधित स्थान पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर तस्वीर के साथ अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
कंट्रोल रूम से होगी निगरानी, तुरंत पहुंचेगी टीम
श्रद्धालुओं की शिकायतों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम में विशेष सेल बनाया गया है। क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त शिकायत और फोटो को संबंधित विभाग को तुरंत भेजा जाएगा, जिसके बाद मेला में तैनात टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी।
ऐसे दर्ज करें शिकायत
क्यूआर कोड स्कैन करते ही गूगल फॉर्म खुलेगा। इसमें शिकायत दर्ज करने का विकल्प मिलेगा। शिकायत के साथ जरूरत पड़ने पर फोटो भी अपलोड की जा सकती है। शिकायत प्राप्त होते ही कंट्रोल रूम से संबंधित विभाग को टैग कर कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। डीसी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि बाबा बैद्यनाथ की नगरी आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और वे सुखद अनुभव लेकर अपने गंतव्य की ओर लौटें।
