देवघर। सावन की तीसरी सोमवारी पर प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबाधाम में शिवभक्तों का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान कांवरियों की कतार बैद्यनाथ मंदिर से शुरू होकर 6 किलोमीटर दूर नंदन पहाड़ तक जा पहुंची। अनुमान के मुताबिक, सोमवारी के पावन अवसर पर 3 लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया।
इस बार की तीसरी सोमवारी खास रही। सोमवारी के साथ ही सिंह संक्रांति, मनसा (विषहरी) पूजा और नाग पंचमी का अद्भुत धार्मिक संयोग बनने के कारण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ दर्ज की गई।
भीड़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारियां कर रखी थीं।तड़के 3:15 बजे मंदिर के पट खोले गए। कांचाजल और सरदारी पूजा संपन्न होने के बाद सुबह 4:15 बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश शुरू कर दिया गया।
आधी रात से ही उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर तथा अनुमंडल पदाधिकारी सह मंदिर प्रभारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ क्षेत्र में डटे रहे।भगदड़ जैसी स्थिति को रोकने के लिए मेला क्षेत्र के विभिन्न होल्डिंग प्वाइंट्स पर कांवरियों को कतारबद्ध तरीके से रोक-रोक कर आगे भेजा जा रहा है।
उपायुक्त ने नंदन पहाड़, कालीबाड़ी, कुमुदिनी घोष रोड, बरमसिया, सरकार भवन, बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, जलसार मोड़ और शिवराम झा चौक सहित मंदिर के आसपास के संवेदनशील इलाकों का विस्तृत निरीक्षण किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुलभ और कतारबद्ध जलार्पण कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
