​देवघर। श्रावण माह की तीसरी सोमवारी पर बाबाधाम,देवघर में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड तोड़ भीड़ उमड़ने की संभावना है। सिंह संक्रांति, मनसा पूजा और नाग पंचमी के दुर्लभ संयोग के कारण इस दिन बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए 4 लाख से अधिक कांवरियों के पहुंचने का अनुमान जताया गया है।

​सुल्तानगंज से शनिवार और रविवार को ही 4 लाख से अधिक कांवरिए जल लेकर देवघर के लिए रवाना हो चुके हैं। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं।

​भागलपुर, मुंगेर और बांका जिला प्रशासन से लगातार समन्वय बनाया जा रहा है। रास्ते में श्रद्धालुओं को होल्डिंग प्वाइंट्स पर रोक-रोक कर भेजा जा रहा है, ताकि मंदिर परिसर में एक साथ अत्यधिक दबाव न बने।

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि इस सोमवारी पर पिछली दो सोमवारी से भी बेहतर व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की कतार बिना किसी गैप के लगातार आगे बढ़ती रहे, इसकी सख्त हिदायत दी गई है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रवीण पुष्कर के अनुसार, भीड़ और यातायात नियंत्रण के लिए विशेष क्यू मैनेजमेंट लागू किया गया है। सभी ओपी और ट्रैफिक ओपी की कमान डीएसपी रैंक के अधिकारियों को सौंपी गई है।

​प्रशासन ने सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को विनम्रता, सेवाभाव और पूरी सजगता के साथ डटने का निर्देश दिया है ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालु राज्य की बेहतर छवि लेकर लौटें।