देवघर। सावन की अंतिम सोमवारी (24 अगस्त) को बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कांवरियों के सुगम और सुरक्षित जलार्पण को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने स्थानीय बीएड कॉलेज परिसर में तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफिंग दी तथा पूरी तत्परता बरतने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अंतिम सोमवारी के दिन मंदिर में सर्वाधिक भीड़ होती है। ऐसे में कांवरियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण सबसे बड़ी चुनौती है, जिससे बिना सजगता के नहीं निपटा जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य ध्येय श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक जलार्पण कराना है, ताकि कतार बिना किसी बाधा के लगातार आगे बढ़ती रहे।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने क्यू (कतार) और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित जलार्पण कराया जा सके और शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेला क्षेत्र में बनाए गए सभी ओपी और ट्रैफिक ओपी के प्रभारी डीएसपी स्तर के अधिकारी होंगे। अपने-अपने क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देना इन्हीं अधिकारियों की जिम्मेवारी होगी।
इसके अलावा, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने भी अंतिम सोमवारी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की।
