बोकारो। रोटरी भवन, चीरा चास में रोटरी क्लब चास की ओर से सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब की महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरे आयोजन में सावन के पारंपरिक रंग, भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत शिव आराधना से हुई। निष्णा रस्तोगी ने ‘नमो नमो शंकरा’ पर मनमोहक प्रस्तुति दी। ज्योति अग्रवाल और पूर्वी अग्रवाल ने ‘मुझ पर चढ़ा कृष्णा का रंग’ पर नृत्य कर समां बांधा। अंजना झांझरिया और सुनैना झांझरिया ने भी शानदार नृत्य प्रस्तुति दी। अर्चना सिंह और कविता मलिक ने ‘बहार आ’ गीत पर नृत्य कर उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उषा कुमार ने ‘जम के बरस’ पर एकल नृत्य प्रस्तुत किया।
मां-बेटी की जोड़ी श्वेता रस्तोगी और लावण्या रस्तोगी ने ‘तेनु शरारत सीखवा’ गीत पर धमाकेदार प्रस्तुति दी। वहीं ‘बाईसा रा बीरा’ राजस्थानी गीत पर अंजना झांझरिया, पूजा बैद, आरती पारख, ललिता चोपड़ा और ज्योति अग्रवाल ने शानदार प्रस्तुति दी। सिद्धार्थ पारख और आरती पारख ने ‘गोरी का साजन’ तथा संजय और पूजा बैद ने ‘देखा एक ख्वाब’ पर युगल नृत्य किया। सावन महोत्सव के दौरान महिलाओं ने गीत-संगीत और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। महिलाओं ने हाथों में मेहंदी भी रचाई। कार्यक्रम में सावन की खुशियों और उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर क्लब की ओर से कहा गया कि सावन महोत्सव केवल मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक भी प्रस्तुत करता है। रोटरी क्लब चास के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और सचिव बिनोद चोपड़ा ने कहा कि इस तरह के आयोजन आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं।
डॉ. परिंदा सिंह और विपिन अग्रवाल ने संयुक्त रूप से मंच संचालन किया। कार्यक्रम में नरेंद्र सिंह, माधुरी सिंह, डॉ. श्रवण कुमार, किरण कुमार, राजेश केडिया, जूली केडिया, दीपक झांझरिया, बिनय सिंह, मनोज सिंह बंका, मनोज चौधरी, राखी चौधरी, नेहा अग्रवाल, अमन मल्लिक, विजय अग्रवाल, प्रकाश केजरीवाल, डिंपल कौर, मंजीत सिंह, गौरव रस्तोगी, कल्याणी गुप्ता, रजनीश कौर समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।
