जमशेदपुर। शहर और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही जानलेवा सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने और उनके कारणों की पड़ताल के लिए धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के साथ-साथ बस एसोसिएशन, ट्रक एसोसिएशन और सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठक में हालिया सड़क हादसों की समीक्षा करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई।
प्रशासनिक पहल के तहत दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर वहां तुरंत तकनीकी और बुनियादी सुधार किए जाएंगे।शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनाने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों और वाहन चालकों की सहभागिता भी उतनी ही जरूरी है। प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पर पूरी सावधानी बरतने की अपील की है। अब देखना होगा कि कागजों पर बनी यह रणनीति धरातल पर उतरकर हादसों को रोकने में कितनी कारगर साबित होती है।
