मेदिनीनगर। शहर थाना क्षेत्र के तीनकोनिया गैरेज के समीप, प्रधान डाकघर के पास एक महिला से अज्ञात अपराधियों ने चार लाख रुपये झपट्टा मारकर फरार होने में सफलता हासिल की। दिनदहाड़े हुई इस घटना के दौरान पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए अपराधियों का डटकर सामना किया, लेकिन आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने देखते रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ गांव निवासी भोला साव की पत्नी ललिता देवी अपने ससुर करीमन साव के साथ मेन बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक आई थीं। बैंक से चार लाख रुपये की निकासी करने के बाद उनके ससुर किसी काम से मुख्य बाजार में ही रुक गए, जबकि ललिता देवी अकेले ही घर जाने के लिए तीनकोनिया गैरेज के रास्ते सादिक चौक की तरफ टेम्पो पकड़ने जा रही थीं।
पीड़िता ललिता देवी ने बताया कि रास्ते में दो अज्ञात युवक पीछे से आए और उनके हाथ में मौजूद पैसों से भरा झोला छीनने का प्रयास किया। पहली बार में वे नाकाम रहे, लेकिन दूसरी बार पूरी ताकत लगाकर उन्होंने पैसों से भरा झोला छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने शहर थाना पहुंचकर इसकी लिखित सूचना दी।
शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने तुरंत घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस को मौके से कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर जांच तेज कर दी गई है। थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया है कि घटना को अंजाम देने वाले अपराधी बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
